Thursday, November 29, 2018

भोजपुरी फिल्मों में 100% रोजगार के सुनहरे अवसर, लाखों कमायें....जल्दी करें...मौका छूट न जाये..😉

अब भोजपुरी फिल्मों में डाइरेक्टर बनने का रास्ता खुल गया । यानि सपना पूरा करना हुआ और भी आसान । अब किसी को भी निर्देशन (डाइरेक्शन) का कोर्स करने और टेक्निकल जानकारी लेने की फालतू में कोई जरूरत नहीं है । और ना ही फिजूल में समय और पैसे खर्च करने की जरूरत । अर्थात कोई भी बकलोल आदमी बस एक्शन और कट बोलना सीख ले । बस समझो हो गए डाइरेक्टर...साल में 20 - 30 लाख तो पक्का...चाहें तो इनकम में और भी इजाफा कर सकते हैं । गाड़ी - बंगला मुम्बई में या कहीं भी जमीन या फ्लैट अलग से...हर जगह अपने एजेंट फैलाइये..जो आपकी जयकारा लगा सके । फिर सभी टेक्नीशियनों आदि से सेटिंग करके कमीशन में कमाइए ।
जी हां..यकीन ना हो तो कुछ तथाकथित भोजपुरी फ़िल्म डाइरेक्टरों के नाम आप पता लगा सकते हैं । जो यह काम काफी समय से करते हुए काफी आगे तरक्की कर रहे हैं । अब हम आपको फ़िल्म बनाने का सर्वोत्तम तरीका बताते हैं । अपने टीम में बस होशियार और जानकार कैमरामैन, 2 असिस्टेंट, समझदार टेक्नीशियन पकड़ लीजिए । फ्री में कहानी और गाना लिखने वाला तथा कलाकार ढूंढिए । अगली 5 फिल्मों में काम देने का वादा कीजिए । अब महत्वपूर्ण बात...पार्टी यानि फाइनेंसर डील कीजिए । 50 लाख का सीधे 5 करोड़ रिटर्न होने का उनमें विश्वास पैदा कीजिए । उनको शराब और शबाब का भरपूर मजा मिलने का हवस दिखाइए । सर्वप्रथम फ़िल्म का आधा पैसा जेब में रखिए । फ़िल्म पूरी हो या न हो कोई बात नहीं । समझो काम हो गया । अरे भई, बुजुर्ग कह के गए हैं कि जब तक इस संसार में मूर्ख रहेंगे तब तक होशियार खाए बिना नहीं मरेगा । इस फार्मूले में ध्यान रहे कि इन लोगों से केवल आपको पैतरे बदल-बदल के बात करना है । ताकि उनको आप पर संदेह न हो । फ़िल्म रिलीजिंग के समय तो बाद में आप लोगों को "मेरे साथ धोखा हो गया" की बात कह के धीरे से बच भी सकते हैं । वैसे कभी भी आकस्मात आप पर हमला होने अथवा गाली सुनने का बुरा ना मानिए ..सजग रहिए...सावधान इंडिया की तरह । फिर दूसरे प्रोजेक्ट में लग जाइये । फिर समय कहाँ की आप पिछली किसी फिल्म को रिलीज करवाने के लिए ब्यर्थ समय गवायें । फाइनेंसर अथवा प्रोड्यूसर को किया झूठा वादा जाईये भूल...बस याद रखिए कि अगला कौन बनेगा अप्रैल फूल । अपना काम बनता तो फिर भाँड़ में जाये जनता । जय हो.......

No comments:

Post a Comment